कमीशनखोरी मामले में सदाचार समिति की बड़ी कार्रवाई, तीन विधायकों से पूछताछ पूरी
जयपुर। राजस्थान विधानसभा की सदाचार समिति ने शुक्रवार को कमीशनखोरी के गंभीर आरोपों के मामले में तीन विधायकों से पूछताछ पूरी कर ली है। इनमें कांग्रेस विधायक ऋतु बनावत, अनीता जाटव और भारतीय जनता पार्टी के विधायक रेवंतराम डांगा शामिल हैं। समिति ने आरोपों की जांच के तहत तीनों विधायकों को तलब कर उनका पक्ष सुना।
पूछताछ के दौरान समिति ने विधायकों से विस्तृत सवाल-जवाब किए। इस दौरान तीनों ने अपने बचाव में दस्तावेज और सबूत पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। समिति ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए अलग-अलग समयसीमा तय की है।
दस्तावेज जमा करने के लिए मिला समय
रेवंतराम डांगा को सबूत पेश करने के लिए 15 दिन, ऋतु बनावत को 10 दिन, अनीता जाटव को 7 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में विधायक अपने पक्ष में संबंधित दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
अध्यक्ष को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
सदाचार समिति अब प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों और तथ्यों की गहन जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कमीशनखोरी से जुड़े इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है और सभी की निगाहें सदाचार समिति की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

