जोधपुर में वकील के साथ धक्का-मुक्की, SHO ने दी 151 में बंद करने की धमकी, वकीलों का उग्र आंदोलन,
जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में उस समय हंगामा मच गया जब थानाधिकारी (SHO) हमीरसिंह सोडा ने एक वकील भरतसिंह राठौड़ के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की
जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में उस समय हंगामा मच गया जब थानाधिकारी (SHO) हमीरसिंह सोडा ने एक वकील भरतसिंह राठौड़ के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और शांतिभंग (151 CrPC) में बंद करने की धमकी दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें SHO को गुस्से में यह कहते सुना जा सकता है – “वकील हो तो क्या हो गया, अभी 151 में बंद कर दूंगा, सारी वकालत निकल जाएगी।”
दरअसल, वकील भरतसिंह राठौड़ थाने में एक मामले की पैरवी करने पहुंचे थे। वहां बिना वर्दी (सिविल ड्रेस) के मौजूद पुलिसकर्मी का बयान लिए जाने पर वकील ने आपत्ति जताई तो SHO भड़क गए और अभद्रता पर उतर आए।
घटना के विरोध में रातोंरात सैकड़ों वकील कुड़ी थाने के बाहर जमा हो गए और धरने पर बैठ गए। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर सहित कई बार संगठनों के बैनर तले प्रदर्शन हुआ। वकीलों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार सुबह भी धरना जारी है। वकील संगठनों ने ऐलान किया है कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में आज 2 दिसंबर 2025 को पूरे राजस्थान में राजस्थान हाईकोर्ट और सभी अधीनस्थ न्यायालयों में अधिवक्ता स्वैच्छिक रूप से न्यायिक कार्य का बहिष्कार करेंगे।

