कांग्रेस नेता नीरज गुर्जर का विवादित बयान, “हमारे पाले हुए टॉमी भाजपा में चले गए”
राजस्थान में कांग्रेस के एक नेता का विवादित बयान सामने आया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के छोटे भाई नीरज गुर्जर ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं और सरपंचों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा...
भीलवाड़ा। राजस्थान में कांग्रेस के एक नेता का विवादित बयान सामने आया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के छोटे भाई नीरज गुर्जर ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं और सरपंचों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा “हमारे पाले हुए टॉमी भाजपा में चले गए।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कांग्रेस व भाजपा दोनों खेमों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
भजन संध्या के मंच से बोला विवादित बयान
जानकारी के अनुसार, यह बयान जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के कोठाज गांव में दिया गया, जहां श्री श्याम राधे युवा ग्रुप की ओर से भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान नीरज गुर्जर ने पार्टी छोड़ने वाले सरपंचों पर निशाना साधते हुए यह विवादित टिप्पणी की।
भाजपा के कार्यकर्ता ईमानदार, हमारे बागी अवसरवादी
भाषण के दौरान नीरज गुर्जर ने कहा कि “हमारे पाले हुए टॉमी भाजपा में चले गए, लेकिन भाजपा के सरपंच अपने दल के वफादार हैं।” उन्होंने पूर्व सरपंच अशोक नोसाल्या और अन्य भाजपा नेताओं की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि “राजनीति अवसरवाद से नहीं, निष्ठा और विश्वास से चलती है। जो आज पलटते हैं, जनता कल उन्हें नहीं बख्शेगी।”
सरपंचों की नाराजगी, बयान पर मचा बवाल
नीरज गुर्जर के बयान पर भीलवाड़ा जिले के जीवा खेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच शोभालाल जाट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “जनता आपको जूते से पीटेगी, क्योंकि आपने जनप्रतिनिधियों का अपमान किया है।” गुर्जर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और विपक्षी दलों ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
स्थानीय राजनीति में मचा हंगामा
भीलवाड़ा और जहाजपुर क्षेत्र में यह बयान स्थानीय राजनीति का गरम मुद्दा बन गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक वर्ग नीरज गुर्जर के समर्थन में है, जबकि कई नेताओं ने उनकी भाषा को अनुचित बताया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान चुनावी माहौल में कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।

