शराबी टीचर का कारनामा, नशे में स्कूल पहुंचा, छात्र की कॉपी में लिखा अपना नंबर, फिर गैलरी में सो गया
शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल का शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया, वह भी छुट्टी के बाद। नशे में धुत यह टीचर छात्र की कॉपी में अपना मोबाइल नंबर लिख गया और फिर स्कूल की गैलरी में बेंच की जगह बिस्तर लगाकर सो गया।
बाड़मेर। जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल का शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया, वह भी छुट्टी के बाद। नशे में धुत यह टीचर छात्र की कॉपी में अपना मोबाइल नंबर लिख गया और फिर स्कूल की गैलरी में बेंच की जगह बिस्तर लगाकर सो गया।
शाम के समय जब कुछ बच्चे खेलने के लिए स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि गैलरी में ‘नींद का क्लास’ चल रहा है। किसी ने यह पूरा दृश्य मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और प्रिंसिपल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को रिलीव कर दिया।
चार दिन पहले ही आया था डेप्यूटेशन पर
जानकारी के अनुसार, यह शिक्षक सिर्फ चार दिन पहले ही डेप्यूटेशन पर स्कूल में नियुक्त हुआ था। लेकिन कुछ ही दिनों में उसकी हरकतों से स्टाफ और ग्रामीणों में रोष फैल गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है, और शिक्षक के खिलाफ निलंबन व बर्खास्तगी की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश
गांववालों का कहना है कि “स्कूल वह जगह है जहां बच्चों को संस्कार और शिक्षा दी जाती है, लेकिन ऐसे शिक्षक शिक्षा के मंदिर को बदनाम कर रहे हैं।” ग्रामीणों ने मांग की है कि इस शिक्षक को तुरंत बर्खास्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
शिक्षा विभाग हरकत में
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि, “मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित शिक्षक को तत्काल रिलीव कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”
घटना से शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह मामला न केवल बाड़मेर बल्कि पूरे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ‘शराबी गुरुजी’ की यह हरकत दिखाती है कि निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था कितनी कमजोर है।

