खोले के हनुमान मंदिर का 65वां लक्खी अन्नकूट, 450 हलवाई 30 भट्टियों पर बनाएंगे 800 क्विंटल प्रसादी
सर्दियों की शुरुआत के साथ राजस्थान की राजधानी जयपुर में अन्नकूट महोत्सव का उल्लास चरम पर है। इस बार खोले के हनुमान जी मंदिर में होने वाला 65वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव राजस्थान का सबसे भव्य आयोजन बनने जा रहा है।
जयपुर। सर्दियों की शुरुआत के साथ राजस्थान की राजधानी जयपुर में अन्नकूट महोत्सव का उल्लास चरम पर है। इस बार खोले के हनुमान जी मंदिर में होने वाला 65वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव राजस्थान का सबसे भव्य आयोजन बनने जा रहा है। मंदिर परिसर में 450 हलवाई 30 भट्टियों पर 800 क्विंटल महाप्रसादी तैयार करेंगे। अनुमान है कि इस आयोजन में करीब दो लाख से अधिक भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।
9 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
9 नवंबर को खोले हनुमान मंदिर परिसर में दोपहर 12:15 बजे हनुमान जी की महाआरती होगी। इसके बाद भगवान को 56 भोग और अन्नकूट प्रसाद का भोग लगाया जाएगा। भक्तों के लिए दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक अन्नकूट प्रसादी पंगत चलेगी।

अन्नकूट के लिए विशाल तैयारियां
भव्य आयोजन की तैयारियां मंदिर में शुरू हो चुकी हैं। 450 हलवाई दिन-रात जुटे हैं, जबकि 250 लेबर बर्तन धोने और सफाई में लगे हुए हैं। 1,000 वॉलंटियर प्रसादी वितरण में सहयोग करेंगे।
अन्नकूट प्रसादी की तैयारी के लिए सामग्री
40 क्विंटल चीनी, 35 क्विंटल बेसन, 25 क्विंटल मैदा, 100 पीपे घी, 200 पीपे मूंगफली तेल, 300 किलो मावा, 400 किलो दाल, 13 क्विंटल बूरा, 1 क्विंटल मसाला, 1 क्विंटल गुड़ औऱ भोजन के साथ मिठाइयों और नमकीन आइटमों की भी भरमार रहेगी।
20 से ज्यादा सब्जियों से सजेगा अन्नकूट भोग
इस बार के अन्नकूट में 20 से अधिक सब्जियां शामिल होंगी। तैयारी में इस्तेमाल होगी 50 क्विंटल आलू, 50 क्विंटल गोभी, 50 क्विंटल मूली, 25 क्विंटल गाजर, 15 क्विंटल पत्तागोभी, 20 क्विंटल टमाटर, 5 क्विंटल लौकी, 2 क्विंटल मोगरी, 4 क्विंटल हरी मिर्च, 20 क्विंटल पालक और अन्य हरी सब्जियां।
भक्तों के लिए विशेष प्रसादी
इस बार 40 क्विंटल दही से बनी कढ़ी, पूड़ी-सब्जी, सूजी का हलवा, नमकीन और दर्जनों मिठाइयाँ तैयार की जाएंगी। 56 भोग की इस प्रसादी में स्वाद, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मंदिर के पुजारी के अनुसार, “अन्नकूट केवल भोजन नहीं, यह हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। हर साल भक्तों की बढ़ती संख्या हमारी भक्ति का प्रमाण है।”
हर साल बढ़ता है उत्साह
खोले हनुमान मंदिर में पिछले 30 वर्षों से अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होता आ रहा है। पिछले वर्ष लगभग 1.5 लाख भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया था, जबकि इस बार संख्या 2 लाख से अधिक होने की संभावना है। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

