जयपुर में क्रूरता की हद, युवक ने कुत्ते को पैर बांधकर ट्रांसफार्मर पर फेंका, तड़प-तड़पकर हुई मौत

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भांकरोटा इलाके के जयसिंहपुरा क्षेत्र में एक निर्दयी युवक ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने एक पालतू कुत्ते के पैर रस्सी से बांधकर उसे बिजली के ट्रांसफार्मर पर फेंक दिया।

जयपुर में क्रूरता की हद, युवक ने कुत्ते को पैर बांधकर ट्रांसफार्मर पर फेंका, तड़प-तड़पकर हुई मौत

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भांकरोटा इलाके के जयसिंहपुरा क्षेत्र में एक निर्दयी युवक ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने एक पालतू कुत्ते के पैर रस्सी से बांधकर उसे बिजली के ट्रांसफार्मर पर फेंक दिया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। इस घटना से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है।

 घटना के बाद मचा हड़कंप

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। जब लोग पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक कुत्ता झुलसा हुआ पड़ा था। दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। कुत्ते का मालिक भी मौके पर पहुंचा और सड़क पर बैठकर दहाड़ें मार-मारकर रोने लगा। स्थानीय लोगों ने मिलकर कुत्ते के शव को नीचे उतारा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

 पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद पशु प्रेमी संगठनों ने गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज पर कलंक हैं। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी इंसान पशुओं के प्रति ऐसी क्रूरता करने से पहले सौ बार सोचे।

 लोगों ने कहा, इंसानियत हुई शर्मसार

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते किसी के घर का सदस्य होते हैं और इस तरह की दरिंदगी इंसानियत पर सवाल उठाती है। क्षेत्र के कई निवासियों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है और सरकार से कठोर कानून लागू करने की मांग की है।