Rajasthan Budget 2026: मेधावी छात्रों को ₹20,000 ई-वाउचर, जरूरतमंद छात्राओं को फ्री साइकिल और 1-8 तक यूनिफॉर्म डीबीटी से
राजस्थान बजट 2026 में दीया कुमारी ने मेधावी छात्रों को टैबलेट और लैपटॉप के लिए 20,000 रुपये, जरूरतमंद छात्राओं को मुफ्त साइकिल और कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म देने की घोषणा की
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने 11 फरवरी को पेश बजट में स्कूली विद्यार्थियों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल छोड़ने की दर कम करने के उद्देश्य से सरकार ने टैबलेट-लैपटॉप सहायता, नि:शुल्क साइकिल और मुफ्त यूनिफॉर्म जैसी योजनाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया है।
मेधावी विद्यार्थियों को ₹20,000 तक ई-वाउचर
वित्त मंत्री ने बताया कि कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के चयनित मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट या लैपटॉप खरीदने के लिए अधिकतम 20,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।
यह राशि नकद नहीं दी जाएगी, बल्कि ई-वाउचर के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्र स्वयं डिवाइस खरीद सकेंगे।
किन्हें मिलेगा लाभ?
- केवल चयनित मेधावी विद्यार्थी
- कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं
- सहायता ई-वाउचर के माध्यम से
- सरकार का उद्देश्य डिजिटल शिक्षा को मजबूत करना और छात्रों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना है।
9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल
बजट में यह भी घोषणा की गई कि आगामी शैक्षणिक वर्ष में 9वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए भी ई-वाउचर व्यवस्था अपनाई जाएगी, ताकि छात्राएं स्वयं साइकिल खरीद सकें।
इस कदम का मकसद दूरदराज क्षेत्रों की छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में सुविधा देना और पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों को मुफ्त यूनिफॉर्म
कक्षा 1 से 8वीं तक के 40 लाख से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म देने की योजना भी घोषित की गई। इसके लिए लगभग 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
यूनिफॉर्म की राशि डीबीटी (Direct Bank Transfer) के जरिए सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
शिक्षा विस्तार की दिशा में कदम
इन घोषणाओं के जरिए सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह प्रदेश में डिजिटल शिक्षा, बालिका शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दे रही है। मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को लक्षित सहायता देकर शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाने का प्रयास किया गया है।
Saloni Kushwaha 
