राजस्थान दौरे पर नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं के लिए 'सीक्रेट प्लान'
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजस्थान दौरा, टोंक के बाद जयपुर में कार्यकर्ताओं को देंगे मंत्र
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का आज राजस्थान दौरा है। नितिन नवीन का ये दौरा पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है। सचिन पायलट के गढ़ में ही जनसभा होगी इससे ये साफ है कि बीजेपी अपनी तैयारी पूरी कर चुकी है। विपक्ष के सबसे मजबूत किले में बीजेपी की हुंकार से ये साफ संदेश है कि अब कोई भी क्षेत्र उनके लिए अजेय नहीं है.

पूर्वी राजस्थान में तोड़ेंगे विपक्ष की कमर !
दरअसल पूर्वी राजस्थान का एंट्री गेट टोंक है. यहां से पार्टी करौली, भरतपुर, धौलपुर जिलों में अपने कैडर को ये भरोसा दिलाना चाहती है कि पार्टी अब फ्रंटफुट पर खेलेगी। टोंक में जिला कार्यालय के उद्घाटन के साथ-साथ बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर में वर्चुअल उद्घाटन बीजेपी की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह हर जिले में अपना स्थाई और आधुनिक केंद्र चाहती है।

दौरे का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना है। संगठन विस्तार की इस कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की उपस्थिति एकजुटता का प्रदर्शन है। बताते चलें, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर और दौसा जैसे पांच प्रमुख जिलों में 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 13 सीटें जीतीं। जबकि कांग्रेस आठ सीटों पर सिमट गई और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई। भाजपा अपनी इस बढ़त को आगामी नगर निकाय और उपचुनावों में भी बरकरार रखना चाहती है। टोंक से शुरुआत करने का मतलब साफ है कि बीजेपी की नजरें कांग्रेस की आठ सीटों पर है, जिन सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा किया है वो बीजेपी खाली करवाने की फिराक में है।
JP Sharma 
