15 अगस्त से पेट्रोल-डीजल पर बड़ा फैसला, पचपदरा रिफाइनरी के ईंधन पर VAT पूरी तरह माफ

राजस्थान सरकार ने पचपदरा रिफाइनरी से निकलने वाले पेट्रोल, डीजल और ATF पर 15 अगस्त 2026 से 31 मार्च 2027 तक VAT में पूरी छूट देने का फैसला किया है।

15 अगस्त से पेट्रोल-डीजल पर बड़ा फैसला, पचपदरा रिफाइनरी के ईंधन पर VAT पूरी तरह माफ

15 अगस्त से पहले राजस्थान की भजनलाल सरकार ने पचपदरा रिफाइनरी से जुड़े पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। वित्त विभाग ने पचपदरा रिफाइनरी से प्रोसेस होकर निकलने वाले पेट्रोल, हाई स्पीड डीजल, लाइट स्पीड डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर वैट में पूरी छूट देने का निर्णय किया है।

सरकार का यह फैसला 15 अगस्त 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद 1 अप्रैल 2027 से नई व्यवस्था लागू की जा सकती है।

पचपदरा रिफाइनरी को टैक्स छूट वाली सूची में शामिल किया

राज्य सरकार ने एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड को राजस्थान वैट कानून के तहत टैक्स छूट वाली सूची में शामिल किया है। इसके बाद राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी से पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को इन उत्पादों पर वैट का भुगतान नहीं करना होगा।

यह छूट केवल राजस्थान में होने वाली बिक्री पर लागू होगी।

HPCL, BPCL और IOCL को मिलेगा लाभ

नई व्यवस्था का सीधा लाभ एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल को मिलेगा। ये कंपनियां स्थानीय रिफाइनरी से पेट्रोल, डीजल और एटीएफ खरीदते समय निर्धारित वैट छूट का लाभ उठा सकेंगी।

राजस्थान में फिलहाल पेट्रोल पर 29.04 प्रतिशत और डीजल पर 17.30 प्रतिशत वैट लागू है। ऐसे में रिफाइनरी से निकलने वाले इन उत्पादों पर वैट छूट को सरकार के फैसले का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

15 अगस्त से शुरू होगा VAT पोर्टल

वित्त विभाग ने वैट व्यवस्था को लेकर कई अधिसूचनाएं भी जारी की हैं। इसके साथ ही 15 अगस्त से राजस्व प्रबंधन से संबंधित नया वैट पोर्टल शुरू किया जाएगा।

इस पोर्टल पर वैट से जुड़े करदाताओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कर प्रशासन और राजस्व प्रबंधन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

वैट एक्ट की शेड्यूल-2 में किया गया संशोधन

सरकार की ओर से राजस्थान वैल्यू एडेड टैक्स एक्ट, 2003 के शेड्यूल-2 में भी संशोधन किया गया है। पहले से टैक्स छूट प्राप्त 24 वस्तुओं की सूची में पचपदरा रिफाइनरी को 25वें क्रम पर शामिल किया गया है।

इसके अलावा एक अलग अधिसूचना के जरिए रिफाइनरी को टैक्स छूट वाली सूची में शामिल करने की व्यवस्था की गई है।

शराब की बिक्री पर भी VAT की व्यवस्था

सरकार की अधिसूचना के अनुसार भारत निर्मित विदेशी शराब और विदेशी शराब की खुदरा बिक्री पर 30 प्रतिशत, जबकि डीलरों को बिक्री पर 20 प्रतिशत वैट लागू रहेगा।

पीएम मोदी ने किया था पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण

पचपदरा रिफाइनरी को लेकर राज्य सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जुलाई को रिफाइनरी का लोकार्पण किया था। इसके बाद यहां पेट्रोल, डीजल और एटीएफ जैसे पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन शुरू हो चुका है।

रिफाइनरी में राजस्थान के बाड़मेर-जैसलमेर क्षेत्र से मिलने वाले कच्चे तेल के साथ-साथ खाड़ी देशों से आयात किए गए क्रूड ऑयल को भी रिफाइन किया जा रहा है।

पेट्रोकेमिकल हब के विकास को मिलेगी गति

पचपदरा रिफाइनरी के संचालन के साथ बाड़मेर क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल हब विकसित करने की दिशा में भी काम आगे बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि रिफाइनरी और इससे जुड़े उद्योगों के विस्तार से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।