अरावली मुद्दे पर सख्त हुए डोटासरा, 8 जिलाध्यक्षों को नोटिस देने की तैयारी
प्रदेशभर में अरावली पर्वतमाला को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है, लेकिन इस अभियान में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाने वाले जिला कांग्रेस अध्यक्षों पर अब पार्टी नेतृत्व सख्त नजर आ रहा है।
जयपुर। प्रदेशभर में अरावली पर्वतमाला को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है, लेकिन इस अभियान में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाने वाले जिला कांग्रेस अध्यक्षों पर अब पार्टी नेतृत्व सख्त नजर आ रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने साफ कर दिया है कि जिन जिलों में अब तक प्रदर्शन नहीं हुए हैं, वहां के 8 जिला अध्यक्षों को नोटिस जारी किया जाएगा।
कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ डोटासरा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अरावली को बचाने के लिए राजस्थान कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन कर रही है और वे रोजाना रात को जिलावार रिपोर्ट देखकर ही सोते हैं। इसके बावजूद अभी तक आठ जिलों में कोई प्रदर्शन नहीं हुआ है, जो पार्टी अनुशासन के खिलाफ है।
डोटासरा ने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से तय कार्यक्रमों का पालन न करने वाले जिला अध्यक्षों से जवाब मांगा जाएगा और नोटिस जारी कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बीजेपी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान डोटासरा ने राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का कोई मंत्री, विधायक या सरकार का एक भी ब्यूरोक्रेट ईमानदारी से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने ओबीसी आयोग और उसकी रिपोर्ट को लेकर भी सवाल खड़े किए।
डोटासरा ने कहा कि साल 2022 में ओबीसी आयोग को लेकर आदेश जारी हुआ था और सरकार बनते ही आयोग का गठन होना चाहिए था, लेकिन इसमें जानबूझकर देरी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने ओबीसी आयोग को न तो पर्याप्त संसाधन दिए और न ही उसकी रिपोर्ट को गंभीरता से लिया।

