प्रतापगढ़ में महिला चोर गिरोह बेनकाब, रात में जूते-चप्पल चुराने की अनोखी वारदात
कोतवाली पुलिस ने शहर में रात के अंधेरे में जूते-चप्पल और घरेलू सामान चोरी करने वाले एक महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने शहर में रात के अंधेरे में जूते-चप्पल और घरेलू सामान चोरी करने वाले एक महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह की 5 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी महिलाएं बगवास क्षेत्र की कच्ची बस्ती की रहने वाली हैं।
मामला उस समय खुला जब राजेंद्र नगर निवासी एडवोकेट प्रवीण जैन को उनकी पड़ोसन मधु मीणा ने बताया कि रात में उनके घर से जूते-चप्पल गायब हो गए हैं। शक होने पर एडवोकेट ने अपने घर के बाहर लगे CCTV फुटेज चेक किए। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आधी रात करीब 2-3 बजे 5-6 महिलाएं कॉलोनी में घूम रही थीं। इनमें से एक महिला गेट फांदकर घर के अंदर घुसी और जूते-चप्पल उठा ले गई, जबकि दूसरी महिला पड़ोस के मकान में घुसकर अन्य सामान चोरी करती नजर आई।
CCTV फुटेज के आधार पर एडवोकेट प्रवीण जैन ने कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिलाओं तक पहुंच बनाई और पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली थानाधिकारी दीपक बंजारा ने बताया कि ये महिलाएं रात में कॉलोनी में घूमकर मौका देखती थीं और गेट कूदकर अंदर घुस जाती थीं। चोरी की छोटी-छोटी वारदातों को ये अपना धंधा बना चुकी थीं। पूछताछ में महिलाओं ने कई चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब बरामद सामान और अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।

