जयपुर थाने में संघ प्रचारक से मारपीट का आरोप, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; SHO पर भी कार्रवाई की तैयारी

जयपुर ग्रामीण के नरैना थाने में RSS जिला प्रचारक कृष्ण अवतार से मारपीट का आरोप लगा है। मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित किए गए और SHO के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा हुई है।

जयपुर थाने में संघ प्रचारक से मारपीट का आरोप, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; SHO पर भी कार्रवाई की तैयारी

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के नरैना थाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी पूछताछ के लिए उन्हें थाने लेकर आए, जहां उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। घटना के बाद संघ के स्वयंसेवकों और भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। थाना प्रभारी उमराव सिंह के निलंबन की अनुशंसा पुलिस महानिदेशक को भेजी गई है। मामले की जांच दूदू सीओ अनुपम मिश्रा को सौंपी गई है।

सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरैना थाना प्रभारी उमराव सिंह, सहायक थाना प्रभारी ओंकार सिंह और पुलिसकर्मियों रमेशचंद, कुलदीप, महिपाल, विनोद व अजय के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

एसपी के निर्देश पर ओंकार सिंह, रमेशचंद, कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय को निलंबित किया गया है। थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

गश्त के दौरान रोका, फिर थाने ले जाने का आरोप

संघ के नरैना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पैदल जा रहे जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को रोककर पूछताछ की गई। आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी हुई, जिसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले आए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने के अंदर प्रचारक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और संघ व उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाने और इंजेक्शन लगवाने के बाद दोबारा मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

मारपीट में घायल कृष्ण अवतार को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

थाने में हनुमान चालीसा का पाठ, नेताओं ने किया प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा और संघ के कई पदाधिकारी नरैना थाने पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

एसपी बोले- दोषी पाए जाने पर नहीं बख्शेंगे

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि मामले में प्रथम दृष्टया आरोपित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। थाना प्रभारी के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजी गई है।

एसपी के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।