Alwar Factory Fire: अलवर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में तेल पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग, 12 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर
मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह तेल पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। 12 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, मंत्री संजय शर्मा ने लिया जायजा।
राजस्थान के अलवर शहर के नजदीक स्थित मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेल पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग करीब सुबह 6 बजे लगी। देखते ही देखते फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का घना गुबार काफी दूर तक दिखाई देने लगा।
आसपास की फैक्ट्रियां भी कराई गईं खाली
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से नजदीक स्थित कई फैक्ट्रियों को खाली कराया गया, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
12 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। आग की लपटें तेज होने के कारण राहत और बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
वन मंत्री संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही वन मंत्री संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आग से नुकसान का आकलन जारी
शुरुआती जानकारी में आग की भयावहता सामने आई है, लेकिन फैक्ट्री में कितना आर्थिक नुकसान हुआ और आग किस वजह से लगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दमकलकर्मियों की ओर से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

