नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा की मौत का मामला, देर रात कलेक्टर की अनुमति से हुआ पोस्टमार्टम
नीरजा मोदी स्कूल की 9 वर्षीय छात्रा अमायरा की मौत के मामले में देर रात महत्वपूर्ण कार्रवाई हुई। कलेक्टर की अनुमति के बाद मेडिकल बोर्ड का गठन कर जयपुरिया अस्पताल के मुर्दाघर में छात्रा का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान मृतका के परिजन और रिश्तेदार मौजूद रहे।
जयपुर। नीरजा मोदी स्कूल की 9 वर्षीय छात्रा अमायरा की मौत के मामले में देर रात महत्वपूर्ण कार्रवाई हुई। कलेक्टर की अनुमति के बाद मेडिकल बोर्ड का गठन कर जयपुरिया अस्पताल के मुर्दाघर में छात्रा का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान मृतका के परिजन और रिश्तेदार मौजूद रहे।
शनिवार दोपहर चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा स्कूल की चौथी मंजिल से गिर गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें घटना का जिम्मेदार ठहराया है।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की जानकारी देने में लापरवाही बरती और उन्हें समय पर न तो सूचना दी और न ही घटनास्थल दिखाया। पिता ने अपनी शिकायत में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की बात लिखी है।
देर रात परिजनों की शिकायत पर मानसरोवर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। वहीं, इस पूरे मामले की जांच मानसरोवर थानाप्रभारी लखन खटाना के नेतृत्व में की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

