Rajasthan News: पंचायत चुनाव से पहले 192 गांवों को बड़ा तोहफा, 381 करोड़ से बनेंगी 286 KM सड़कें; देखें जिलेवार पूरी लिस्ट
राजस्थान में पंचायत चुनाव से पहले 192 गांवों के लिए 381.91 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। 28 जिलों में 286 KM सड़कें अटल प्रगति पथ योजना के तहत बनेंगी।
Rajasthan Atal Pragati Path: राजस्थान में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने प्रदेश के 5 हजार से अधिक आबादी वाले शेष 192 गांवों में अटल प्रगति पथ के निर्माण और सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 381.91 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। इस योजना के तहत 28 जिलों में करीब 286 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इन सड़क परियोजनाओं से गांवों और ढाणियों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। इसका लाभ किसानों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और स्थानीय कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुसार बेहतर सड़क नेटवर्क ग्रामीण विकास की बुनियाद है। सड़कें मजबूत होने से न केवल आवागमन आसान होता है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अवसरों को भी गति मिलती है।
सरकार की ओर से मंजूर की गई परियोजनाओं को इसी उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है। इन सड़कों के बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से जिला और तहसील मुख्यालयों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
इन जिलों के गांवों में बनेंगे अटल प्रगति पथ
अजमेर
टांटोटी, घूघरा, गनाहेड़ा, गगवाना, बिड़क्चियावास और देराठू में सड़क निर्माण होगा।
अलवर
गारू, हरसाना, गढ़ी सवाईराम, बालेटा, पृथ्वीपुरा और तुलेड़ा को सड़क सुविधा मिलेगी।
बालोतरा
ईटवाया, कनाना, पारलू और कल्याणपुर में अटल प्रगति पथ बनाए जाएंगे।
बांसवाड़ा
अरथूना और खोड़न में सड़क परियोजना पर काम होगा।
बारां
देवरी, कस्बाथाला और पलायथा में सड़क निर्माण किया जाएगा।
बाड़मेर
बुरान का तला में अटल प्रगति पथ बनाया जाएगा।
भरतपुर
सरसैना, छौंकरवाड़ा कलां और ब्रह्मवाद में सड़क निर्माण होगा।
भीलवाड़ा
सहाड़ा और पारोली में सड़क सुविधा विकसित की जाएगी।
चित्तौड़गढ़
भोपालसागर में अटल प्रगति पथ का निर्माण होगा।
चूरू
जोगलिया, ईंयारा, शोभासर, जोगलसर, लालगढ़, कानूता और बांय में सड़कें बनाई जाएंगी।
दौसा
उदयपुरिया, आलूदा और टोरड़ा में सड़क निर्माण प्रस्तावित है।
डीग
सांवलसेर, गुनसारा, रारह और अवार में अटल प्रगति पथ बनाए जाएंगे।
डीडवाना-कुचामन
भकरी, कोलिया और घाटवा में सड़क निर्माण होगा।
डूंगरपुर
पाडवा और ओबरी को सड़क सुविधा मिलेगी।
हनुमानगढ़
जोड़किया, किशनपुरा, मुंडा, अजीतपुरा, परलीका, कलाना, भिरानी, निनाण, मुन्सरी, डाबड़ी, बोलांवाली, खाराखेड़ा, मेहरवाला और सुरेवाला में सड़कें बनाई जाएंगी।
जयपुर
भैसावा, हाथोज, हिंगोनिया, पचार, बेगस, राड़ावास, अमरसर, धानौता, बिशनगढ़, बिचून, जैतपुरा, चीथवाड़ी, अनंतपुरा, सिंगोद कलां और किशनमानपुरा में सड़क निर्माण होगा।
जालोर
जालोर में सबसे ज्यादा 28 गांवों को योजना का लाभ मिलेगा। इनमें धानसा, जुंजाणी, पुनासा, दासपा, सेवड़ी, मोदरा, नरसाणा, तवाव, नांदिया, धानोल, दातवाडा, पावली, जसवंतपुरा, चौरा, रेवतड़ा, पांथेडी, ऐलाना, तिलोड़ा, दादाल, बाकरा, सांगाणा, केशवणा, कोमता, चौराऊ, बालवाडा, भैसवाडा, रायथल और गुड़ाबालोतान शामिल हैं।
झुंझुनूं
बसई, संजय नगर, शिमला, कांकरिया, पपुरना, दूधवा नांगलिया, डाडा फतेहपुरा, महनसर, टांई, पांख, टोडी, छावसरी, सिगनोर, भौड़की, टीटनवाड़, बजावा, परसरामपुरा, टोडपुरा, बागोरिया की ढाणी, बसावा, चिराना और बड़वासी में सड़कें बनाई जाएंगी।
जोधपुर
हरियाढ़ाणा, पिचियाक, रियां, भटिंडा, पलासनी, बिसलपुर, गंगाणी, सोयला, नाड़सर, गजसिंहपुरा, रतकुड़िया, धुंधाड़ा, गुड़ा विश्नोइयान, फिंच, नंदवान, झंवर, बोरानाडा और डोली में अटल प्रगति पथ का निर्माण होगा।
करौली
झारेड़ा, गढ़मोरा, जहानगर मोरड़ा, नादौती, नांगल शेरपुर, शहर, कैमला और सोप में सड़क निर्माण किया जाएगा।
खैरथल-तिजारा
बाघोर में अटल प्रगति पथ बनेगा।
कोटपूतली-बहरोड़
हाथीपुरा, चतरपुरा, बनेठी, सरूंड, भौनावास, भैंसलाना और कारोली में सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
पाली
नारलाई, बिसलपुर, धानला, अटबड़ा, बांकली, दुजाना, खैरवा और गुंदोज में सड़क निर्माण होगा।
फलोदी
रायमलावाड़ा और जाखण में अटल प्रगति पथ बनाया जाएगा।
राजसमंद
कुरज और गिलूंड में सड़क निर्माण किया जाएगा।
सवाई माधोपुर
सूरवाल, खिलचीपुर और कुंडेरा में सड़कें बनाई जाएंगी।
सीकर
थोई, रेवासा, बाय, मंडा, कोछोर, गुहाला, जिलो, चला, गांवड़ी, गणेश्वर, रायपुर पाटन और बठोठ में अटल प्रगति पथ का निर्माण होगा।
टोंक
नगर, थांवला, नगरफोर्ट, सोप और आवां में सड़क निर्माण किया जाएगा।
सड़क बनने से क्या होगा फायदा?
अटल प्रगति पथ के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। गांवों से मुख्य सड़कों तक पहुंच आसान होगी और लोगों को आने-जाने में कम समय लगेगा। परिवहन लागत घटने के साथ स्थानीय बाजार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं का सबसे बड़ा उद्देश्य ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़कर वहां विकास की गति तेज करना है। पंचायत चुनावों से पहले इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सरकार के बड़े फैसलों में से एक माना जा रहा है।

