राजस्थान के सरकारी ऑफिसों में शुरू होगा 'वर्क फ्रॉम होम' ?
पेट्रोल-डीजल के क्राइसिस के बाद पीएम मोदी ने अपील की और अब उस अपील पर बीजेपी शासित राज्यों में असर होता दिख रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर अपील की. जिसके बाद से बीजेपी नेताओं और कुछ अधिकारियों ने इसे फॉलो किया. अब राजस्थान की भजनलाल सरकार बड़े बदलावों के मूड में नजर आ रही है. प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन वर्क फॉर्म होम की सुविधा देने पर मंथन किया जा रहा है. हालांकि घबराने की जरूरत नहीं है, इस पर अंतिम फैसला अभी हुआ नहीं है. सरकार के स्तर पर विभिन्न विभागों से सुझाव लिए गए हैं। जानकारों का कहना है कि सरकार WFH जैसे कुछ बड़े फैसले ले सकती है।

CM भजनलाल शर्मा ने दिया संदेश
अभी आपने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर देखा होगा. उन्होंने हाल ही में अपने काफिले की संख्या में कमी की थी और इसके बाद इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग शुरू किया। राजस्थान के मंत्रियों और नेताओं ने भी अपना काफिला घटाया है और कुछ नेता तो अब इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

दोनों डिप्टी CM ने किया ट्रेन-बस में सफर
इसके अलावा सरकार के कई मंत्री भी अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ईवी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील कर रहे हैं।हाल ही में राजस्थान के दोनों उप मुख्यमंत्री (दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा) भी अलग-अलग अंदाज में ईंधन बचत का संदेश देते नजर आए।


उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ट्रेन में सफर करती दिखाई दीं, जबकि उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा राजस्थान रोडवेज बस में यात्रा करते नजर आए। सरकार इसे जनजागरूकता अभियान के रूप में भी देख रही है ताकि आम लोग भी निजी वाहनों का कम उपयोग करें।

