भिवाड़ी में ACB की कार्रवाई, आयकर विभाग का डाटा एंट्री ऑपरेटर 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भिवाड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग भिवाड़ी में कार्यरत संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भिवाड़ी में ACB की कार्रवाई, आयकर विभाग का डाटा एंट्री ऑपरेटर 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

भिवाड़ी। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भिवाड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग भिवाड़ी में कार्यरत संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भिवाड़ी द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष चन्द उर्फ सोनू, डाटा एंट्री ऑपरेटर (संविदा), आयकर विभाग भिवाड़ी, जिला खैरथल-तिजारा (भारत सरकार) के रूप में हुई है।

5 हजार की मांग, 4 हजार लेते पकड़ा गया

एसीबी को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी ने अपने पुराने पैन कार्ड को बंद करवाने के लिए आयकर विभाग भिवाड़ी में आवेदन दिया था। इस दौरान आरोपी कर्मचारी ने पैन कार्ड बंद करने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की और लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी को परिवादी से 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

ट्रैप कार्रवाई ऐसे हुई

यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस (तृतीय) राजेश सिंह के सुपरविजन में, एसीबी चौकी भिवाड़ी प्रभारी परमेश्वर लाल, उप अधीक्षक पुलिस (टीएलओ) के नेतृत्व में की गई।

पूछताछ और जांच जारी

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।