राजस्थान के सलूंबर में खाद की कमी से किसानों में आक्रोश, झल्लारा में लगी लंबी कतारें

रबी सीजन में खाद-बीज की किल्लत राजस्थान के कई जिलों में जारी है। भारी मांग के बीच आपूर्ति कम होने से किसान परेशान हैं। ऐसी ही स्थिति सलूंबर जिले के झल्लारा तहसील क्षेत्र में देखने को मिली।

राजस्थान के सलूंबर में खाद की कमी से किसानों में आक्रोश, झल्लारा में लगी लंबी कतारें

सलूंबर। रबी सीजन में खाद-बीज की किल्लत राजस्थान के कई जिलों में जारी है। भारी मांग के बीच आपूर्ति कम होने से किसान परेशान हैं। ऐसी ही स्थिति सलूंबर जिले के झल्लारा तहसील क्षेत्र में देखने को मिली, जहां आज सुबह से सहकारी समिति की दुकान के बाहर सैकड़ों किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं।

झल्लारा सहकारी समिति में खाद वितरण के लिए मात्र 500 कट्टे ही पहुंचे थे, जबकि खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं किसान पहुंच गए। दुकान खुलने से घंटों पहले सर्द मौसम में लाइन में खड़े किसानों का गुस्सा भी फूट पड़ा। NDTV राजस्थान से बातचीत में मौजूद किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा, "हमें काफी परेशानी हो रही है। सर्दी में सुबह-सुबह लाइन लगानी पड़ रही है। सरकार से मांग है कि खाद-बीज की पर्याप्त आपूर्ति की जाए, वरना इस सीजन की खेती पर बुरा असर पड़ेगा।"

राजस्थान में रबी फसलों की बुवाई जोरों पर है, लेकिन यूरिया और अन्य खाद की कमी से किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। हालांकि, राज्य सरकार का दावा है कि दिसंबर में 3 लाख मीट्रिक टन यूरिया की आवक होगी और कमी नहीं होने दी जाएगी। फिर भी ग्राउंड लेवल पर कई जगहों पर लंबी कतारें और किसानों का आक्रोश देखा जा रहा है।