झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत, नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम होगी लागू
झारखंड सरकार कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और पुलिसकर्मियों के लिए नई हेल्थ इंश्योरेंस योजना ला रही है, जिसमें 5 से 10 लाख तक का कवर और देशभर के बड़े अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
झारखंड सरकार जल्द ही अपने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और अन्य संबंधित वर्गों के लिए एक उन्नत हेल्थ इंश्योरेंस योजना शुरू करने जा रही है। इस पहल के तहत 23 अप्रैल को नई बीमा कंपनी के साथ औपचारिक समझौता किया जाएगा, जिससे लाखों लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
यह करार स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मौजूदगी में नामकुम स्थित स्वास्थ्य निदेशालय में किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
60 हजार पुलिसकर्मियों को सीधा फायदा
नई योजना लागू होने के बाद राज्य के लगभग 60 हजार पुलिसकर्मियों को सीधे लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज की सुविधा मिल सके।
कैशलेस इलाज और बढ़ा हुआ कवर
इस स्कीम के तहत लाभार्थी राज्य के साथ-साथ देश के चुनिंदा बड़े अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकेंगे। सामान्य परिस्थितियों में 5 लाख रुपये तक और गंभीर मामलों में 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलेगा, जिससे इलाज का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
देश के बड़े अस्पताल भी शामिल
नई योजना में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों को पैनल में शामिल किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
तीन श्रेणियों में मिलेगा लाभ
- सरकार ने योजना को तीन कैटेगरी में बांटा है—
- पहली श्रेणी में जनप्रतिनिधि और सरकारी कर्मचारी,
- दूसरी में वे कर्मचारी जो प्रीमियम देकर योजना से जुड़ना चाहें,
- तीसरी में पंजीकृत अधिवक्ता शामिल होंगे।
इन सभी के आश्रितों को भी योजना का लाभ मिलेगा
करीब 6 लाख से अधिक मुख्य लाभार्थी और 4 लाख से ज्यादा आश्रित इस योजना के दायरे में आएंगे। सरकार को उम्मीद है कि यह कदम कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार करेगा।
Saloni Kushwaha 
