जयपुर एयरपोर्ट पर अनोखी पहल, रनवे पर ढाई घंटे की ‘FOD वॉक’, 50 कर्मचारियों ने की रनवे की सफाई
राजस्थान की राजधानी जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानन सुरक्षा को लेकर एक अनोखा और सराहनीय कदम उठाया गया है।
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानन सुरक्षा को लेकर एक अनोखा और सराहनीय कदम उठाया गया है। NOTAM पीरियड के दौरान रनवे को पूरी तरह बंद कर करीब 50 कर्मचारियों-अधिकारियों ने मिलकर 1 किलोमीटर लंबे रनवे पर पैदल चलकर Foreign Object Debris (FOD) वॉक किया। इस दौरान रनवे पर मौजूद पत्थर, प्लास्टिक, धातु के टुकड़े या कोई भी ऐसी वस्तु जो विमान के इंजन या टायर को नुकसान पहुंचा सकती हो, उसे हटाया गया।
यह FOD वॉक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा मनाए जा रहे ‘विमानन सुरक्षा जागरूकता सप्ताह 2025’ के तहत आयोजित की गई। करीब ढाई घंटे तक चली इस वॉक में एयरपोर्ट के विभिन्न विभागों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कोई भी विमान टेकऑफ या लैंडिंग नहीं कर रहा था, क्योंकि नोटम (Notice to Airmen) जारी कर रनवे को अस्थायी रूप से बंद रखा गया था।
क्यों जरूरी है FOD वॉक?
रनवे पर पड़ी छोटी-सी वस्तु भी विमान के लिए घातक साबित हो सकती है। प्लास्टिक का टुकड़ा, पत्थर, तार या बोल्ट अगर विमान के इंजन में चला जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए दुनिया भर के एयरपोर्ट्स पर FOD प्लक (हटाना) को बहुत गंभीरता से लिया जाता है। जयपुर एयरपोर्ट की यह पहल न सिर्फ सुरक्षा मानकों को मजबूत करती है, बल्कि कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती है।
जयपुर एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि ऐसी FOD वॉक अब नियमित रूप से आयोजित की जाएगी ताकि रनवे हमेशा पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित रहे।

