झुंझुनूं में 33 लाख की रिश्वत लेते PWD के XEN और दलाल गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

Jhunjhunu में Anti Corruption Bureau की बड़ी कार्रवाई—PWD के एक्सईएन और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार। बाईपास अलाइनमेंट बदलने के नाम पर 50 लाख की डील का खुलासा।

झुंझुनूं में 33 लाख की रिश्वत लेते PWD के XEN और दलाल गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और उसके सहयोगी दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बग्गड़ क्षेत्र में की गई, जहां बाईपास सड़क का अलाइनमेंट बदलने के नाम पर मोटी रकम की डील चल रही थी।

ACB के अनुसार, पीड़ित की जमीन प्रस्तावित बाईपास मार्ग में आ रही थी। इसी को बचाने के बदले आरोपी पहले 75 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, जिसे बाद में 50 लाख रुपये में तय किया गया। तय योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 33 लाख रुपये देने के लिए पीड़ित को जयपुर के चौमूं पुलिया पर बुलाया गया।

जैसे ही दलाल ने पैसे लिए, पहले से जाल बिछाकर बैठी ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसी के जरिए PWD के एक्सईएन को फोन करवाकर पुष्टि कराई गई और दूसरी टीम ने अधिकारी को भी हिरासत में ले लिया।

जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया दलाल एक सरकारी मान्यता प्राप्त कंपनी से जुड़ा है और सड़क निर्माण से संबंधित कामों में उसकी भूमिका थी। इसी प्रभाव का इस्तेमाल कर वह अधिकारियों और आम लोगों के बीच सौदेबाजी कर रहा था।

फिलहाल ACB दोनों आरोपियों के मोबाइल और दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रिश्वत की रकम किन-किन लोगों तक पहुंचने वाली थी। मामले में और भी अधिकारियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा रहा है।