कच्चा तेल सस्ता, लेकिन अभी नहीं घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम! सरकार ने बताई वजह

ईरान-अमेरिका शांति समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतें घटी हैं, लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल कम नहीं होंगे। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने बताया इसकी वजह क्या है।

कच्चा तेल सस्ता, लेकिन अभी नहीं घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम! सरकार ने बताई वजह

ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस मुद्दे पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री Suresh Gopi ने सरकार का पक्ष स्पष्ट किया है।

मंत्री ने कहा कि केवल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने से पेट्रोल-डीजल के दाम तुरंत नहीं घटाए जा सकते। ईंधन की कीमतें तय करने में कई कारक शामिल होते हैं, जिनमें कच्चे तेल की खरीद, परिवहन लागत, टैक्स और भारत तक तेल पहुंचने में लगने वाला समय भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि हाल में ईंधन कीमतों में लगभग 3.94 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि अब कच्चा तेल सस्ता हुआ है, लेकिन उसका फायदा भारतीय बाजार तक पहुंचने में समय लगेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर आने वाले तेल टैंकरों की आवाजाही और सप्लाई चेन की प्रक्रिया के कारण कीमतों में तत्काल बदलाव संभव नहीं है।

केंद्र सरकार ने उठाया वित्तीय बोझ

सुरेश गोपी ने कहा कि ईरान-अमेरिका संघर्ष के दौरान तेल कंपनियों पर भारी दबाव पड़ा था और केंद्र सरकार ने इसका बड़ा हिस्सा खुद वहन किया। उनके अनुसार, इस दौरान केंद्र सरकार को करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी राज्य सरकार ने ईंधन पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर अपने राजस्व में कमी नहीं की, जबकि केंद्र ने स्थिति संभालने के लिए वित्तीय बोझ उठाया।

होर्मुज स्ट्रेट खुलने से राहत

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुल गया है। दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल का परिवहन इसी मार्ग से होता है। युद्ध और तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, जो अब घटकर करीब 80 डॉलर प्रति बैरल रह गई हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह नरमी बनी रहती है तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल उपभोक्ताओं को थोड़ा इंतजार करना होगा