NEET विवाद के बीच आज कोटा पहुंचेंगे राहुल गांधी, 10 हजार छात्रों से करेंगे सीधा संवाद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज कोटा में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत करीब 10 हजार छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। NEET, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

NEET विवाद के बीच आज कोटा पहुंचेंगे राहुल गांधी, 10 हजार छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
Rahul Gandhi

देशभर में NEET परीक्षा, पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर जारी बहस के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज राजस्थान के कोटा में छात्रों से सीधा संवाद करने जा रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी करीब 10 हजार छात्रों और युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

कोटा के दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में होने वाला यह कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू होगा। कांग्रेस का दावा है कि यह कोई राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज सुनने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का मंच होगा।

छात्रों के बीच जाकर सुनेंगे समस्याएं

कार्यक्रम की खास बात यह है कि यहां पारंपरिक मंच की व्यवस्था नहीं की गई है। राहुल गांधी छात्रों के बीच बने विशेष गलियारे से गुजरते हुए सीधे उनसे संवाद करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती विवादों ने युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिन पर चर्चा जरूरी है।

कार्यक्रम से पहले गरमाई सियासत

राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजस्थान की राजनीति भी गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर कार्यक्रम को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्यक्रम को मिल रहे समर्थन से घबराकर प्रचार सामग्री हटाई जा रही है, लेकिन कार्यक्रम तय समय पर ही होगा।

गहलोत ने उठाए युवाओं के मुद्दे

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लगातार पेपर लीक और भर्ती विवादों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। ऐसे समय में कोटा जैसे शिक्षा केंद्र से छात्रों की आवाज उठाना एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिशें की जा रही हैं।

देश की शिक्षा राजधानी बना चर्चा का केंद्र

कोटा देश का सबसे बड़ा कोचिंग हब माना जाता है। लाखों छात्र यहां मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह संवाद कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य को लेकर राष्ट्रीय बहस का केंद्र बन सकता है।