बीमार पिता को अस्पताल ले जा रहा था बेटा, चालान के चक्कर में हुई देरी, इलाज के दौरान मौत
पिता को बचाने के लिए बेटा हाथ जोड़ता रहा लेकिन टोंक पुलिस ने युवक की नहीं सुनी और पहले चालान काटना जरूरी समझा।
राजस्थान के टोंक जिले में यातायात पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पीपलू क्षेत्र के जावली गांव निवासी महेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि गंभीर रूप से बीमार पिता शिवजी लाल यादव को अस्पताल ले जाते समय यातायात पुलिसकर्मी ने उनकी बाइक रोक ली। चालान की कार्रवाई में हुई देरी के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका और बाद में उनके पिता की मौत हो गई। महेंद्र के अनुसार, पिता का रक्तचाप अचानक बढ़ गया था। वह उन्हें दोस्त की मदद से बाइक पर बैठाकर टोंक के सआदत अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में छावनी चौराहे पर यातायात पुलिसकर्मी ने बाइक रोक ली। बाइक पर तीन लोग सवार थे और चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। महेंद्र का आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मी से पिता की गंभीर हालत बताई और बाद में चालान बनाने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। करीब एक घंटे की देरी के बाद उन्हें जाने दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर शिवजी लाल को आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
संबंधित यातायात पुलिसकर्मी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि बुजुर्ग की हालत गंभीर नहीं लग रही थी और बाइक की चाबी छीनने जैसी बात गलत है। मामले की शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा को दी गई है। एसपी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

टोंक एसपी रोशन मीणा ने कहा:
पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता के आरोपों का सत्यापन कराया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सआदत अस्पताल की डॉ. दिशा साहनी ने बताया:
शिवजी लाल को घबराहट और बढ़े हुए रक्तचाप की स्थिति में लाया गया था। उन्हें तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट देकर आईसीयू में शिफ्ट किया गया, लेकिन हालत गंभीर थी, उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस घटना के बाद कानून के पालन और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन को लेकर बहस छिड़ गई है। आम लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में मानव जीवन की रक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। हालांकि पूरे मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।

