चौमूं पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय डीजल चोर गैंग: ‘मंसूरी’ और ‘पठान’ के नाम से मशहूर थे बदमाश, 1000 से ज्यादा वारदातें कबूल कीं

राजस्थान के चौमूं थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले एक खतरनाक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

चौमूं पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय डीजल चोर गैंग: ‘मंसूरी’ और ‘पठान’ के नाम से मशहूर थे बदमाश, 1000 से ज्यादा वारदातें कबूल कीं

जयपुर। राजस्थान के चौमूं थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले एक खतरनाक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के दो मुख्य सदस्यों को उत्तर प्रदेश के रामपुर से गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी पिछले कई सालों से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में डीजल चोरी की सैकड़ों वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अब तक करीब 1000 से ज्यादा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। ये लोग रात के अंधेरे में हाईवे पर खड़े ट्रकों और भारी वाहनों की टंकियों में पाइप डालकर डीजल चुराते थे और फरार हो जाते थे। चौमूं, रींगस और आसपास के इलाकों में इनके द्वारा की गई कई वारदातें पहले से दर्ज थीं।

गैंग के सरगना खुद को ‘मंसूरी’ और ‘पठान’ कहलवाते थे। हाल ही में ये गिरोह देहरादून क्षेत्र में भी सक्रिय था। राजस्थान में इनके खिलाफ डीजल चोरी के अलावा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी दर्ज हैं।

पुलिस अब चोरी का डीजल खरीदने वाले रिसीवरों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से पिछले तीन साल से लंबित कई पुराने मामले सुलझ जाएंगे।

यह पूरी कार्रवाई चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रह्लाद सिंह, कांस्टेबल घनश्याम, रामअवतार और धौलूराम की टीम ने मिलकर अंजाम दी।