बारां में दर्दनाक हादसा, स्लीपर बस ने डिवाइडर पर सो रहे किसानों को कुचला, दो की मौत

राजस्थान के बारां जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ने डिवाइडर पर सो रहे किसानों को कुचल दिया, जिससे दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

बारां में दर्दनाक हादसा, स्लीपर बस ने डिवाइडर पर सो रहे किसानों को कुचला, दो की मौत

बारां। राजस्थान के बारां जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ने डिवाइडर पर सो रहे किसानों को कुचल दिया, जिससे दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अंता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुट गई है।

ट्रैक्टर खराब होने से सड़क किनारे सो गए थे किसान

थानाधिकारी मांगीलाल सुमन ने बताया कि यह हादसा अंता थाना क्षेत्र के पलायथा गांव के पास हुआ। कागला बम्बोरी निवासी सोरम बैरवा और छोटूलाल बैरवा समेत तीन किसान मंडी में फसल बेचकर गांव लौट रहे थे। रास्ते में रात के समय उनका ट्रैक्टर खराब हो गया, जिसके बाद तीनों किसान ट्रॉली के पास डिवाइडर पर सो गए।

इसी दौरान कोटा की ओर से आई तेज रफ्तार स्लीपर बस ने पहले ट्रॉली को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर पर सो रहे किसानों को कुचल दिया। हादसे में दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा किसान बाल-बाल बच गया।

CCTV फुटेज से बस ट्रेस करने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस और चालक को ट्रेस करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।