अलवर में एंबुलेंस चालकों पर जानलेवा हमला, शराब की बोतल तोड़कर गले पर किए वार; एक की हालत गंभीर
अलवर के ज्योतिबा फुले सर्किल पर दो एंबुलेंस चालकों पर हमला हुआ। शराब की बोतल के कांच से गले पर वार करने का आरोप, एक की हालत गंभीर।
राजस्थान के अलवर शहर में बुधवार सुबह ज्योतिबा फुले सर्किल पर दो एंबुलेंस चालकों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश और कहासुनी के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों चालकों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शराब की बोतल तोड़कर कांच से दोनों के गले पर वार कर दिए। हमले में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
कहासुनी के बाद बोतल तोड़कर किया हमला
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक उमाशंकर उर्फ पवन और करण बुधवार सुबह ज्योतिबा फुले सर्किल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान रोहित नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दोनों चालकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
पीड़ित उमाशंकर के मुताबिक, विवाद के दौरान रोहित ने शराब की बोतल तोड़ दी और उसके गले पर कांच से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे करण को भी आरोपी ने गले पर वार कर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों चालक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
एक चालक की हालत बेहद गंभीर
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने दोनों घायलों को तत्काल अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां ट्रॉमा सेंटर में उनका उपचार जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, उमाशंकर के गले पर गहरा घाव होने और अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, करण का प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
मुख्य आरोपी और साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले में रोहित और उसके साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

