थिएटर में मचाया तहलका, अब OTT पर आएगा जॉर्जकुट्टी का तूफान! जानिए कब और कहां देखें 'दृश्यम 3'

मोहनलाल की सुपरहिट क्राइम-थ्रिलर 'दृश्यम 3' अब OTT पर रिलीज होने जा रही है। जानिए Amazon Prime Video पर कब और कहां देख सकेंगे फिल्म, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और पूरी डिटेल।

थिएटर में मचाया तहलका, अब OTT पर आएगा जॉर्जकुट्टी का तूफान! जानिए कब और कहां देखें 'दृश्यम 3'

मोहनलाल के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब साल की सबसे चर्चित क्राइम-थ्रिलर फिल्मों में शामिल 'दृश्यम 3' ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार की रहस्यमयी कहानी को आगे बढ़ाने वाली इस फिल्म का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। थिएटर में शानदार कमाई और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब मेकर्स ने इसकी डिजिटल रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।

OTT पर कब और कहां रिलीज होगी 'दृश्यम 3'?

मोहनलाल स्टारर 'दृश्यम 3' अब ओटीटी प्लेटफॉर्म Amazon Prime Video पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म 18 जून से स्ट्रीम की जाएगी। प्राइम वीडियो ने आधिकारिक पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट की घोषणा की है। खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ प्राइम वीडियो पर ही उपलब्ध होगी और भारत समेत 200 से अधिक देशों में दर्शक इसे देख सकेंगे।

फिल्म मलयालम के अलावा तेलुगु, तमिल और कन्नड़ डब वर्जन में भी रिलीज की जाएगी, जिससे देशभर के दर्शक इस सस्पेंस और रोमांच से भरपूर कहानी का आनंद ले सकेंगे।

फिर लौटेगा जॉर्जकुट्टी का रहस्य

ओटीटी रिलीज की घोषणा करते हुए प्लेटफॉर्म ने लिखा, "जॉर्जकुट्टी और उनका परिवार आपका इंतजार कर रहा है। 18 जून से प्राइम वीडियो पर देखें दृश्यम 3।" इस ऐलान के बाद फिल्म प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर अब भी कायम है जलवा

'दृश्यम 3' का सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज के तीन सप्ताह बाद भी फिल्म दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने 22वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 26 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई लगभग 108 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 125 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

सस्पेंस, इमोशन और दमदार कहानी से भरपूर 'दृश्यम 3' अब उन दर्शकों के लिए भी उपलब्ध होने जा रही है जो किसी कारणवश इसे सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे। 18 जून से यह फिल्म ओटीटी पर नया रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार है।