जयपुर में सीवर टैंक हादसा, जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत
Jaipur के Nivaru Road पर सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत। लापरवाही के आरोप, जांच के आदेश जारी।
Jaipur के करधनी थाना क्षेत्र में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निवारू रोड पर हुआ हादसा
यह घटना झोटवाड़ा जोन के शेखावत मार्ग, निवारू रोड स्थित वार्ड नंबर 24 की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंक के अंदर काम करते वक्त अचानक दम घुटने लगा, जिससे दोनों मजदूर मदद के लिए चिल्लाने लगे।
मृतकों की पहचान और पुलिस कार्रवाई
करधनी थाना पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अजय (पुरानी बस्ती) और रामबाबू (बनीपार्क) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।
बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने का आरोप
वाल्मीकि सफाई कर्मचारी संगठन ने इस हादसे को गंभीर लापरवाही करार दिया है। संगठन का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा किट या गैस प्रोटेक्शन उपकरण के सीवर में उतारा गया। अचानक मीथेन गैस बनने से दोनों की जान चली गई।
नगर निगम ने दिए जांच के आदेश
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी, और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
संगठन के अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और अधिकारी केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं, जबकि मजदूरों की जान जोखिम में डाली जा रही है। यूनियन ने दोषियों की गिरफ्तारी, मृतकों के परिवार को सरकारी नौकरी और 1-1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो जयपुर सहित पूरे राजस्थान में सफाई कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।
Saloni Kushwaha 
