राजस्थान में फर्जी आधार सेंटर का भंडाफोड़, हाईटेक तरीके से बन रहे थे नकली कार्ड
Hanumangarh के Bhadra में ATS-पुलिस ने फर्जी आधार सेंटर का भंडाफोड़ किया। डमी फिंगरप्रिंट और नकली रेटिना से तैयार हो रहे थे आधार कार्ड, आरोपी गिरफ्तार।
Rajasthan में आंतरिक सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। Hanumangarh जिले के भादरा क्षेत्र में एटीएस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर एक अवैध आधार सेंटर का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान कुलदीप शर्मा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार कर रहा था।
दूसरों की आईडी का दुरुपयोग कर चला रहा था सेंटर
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जसवंत और आमिर खान नाम के ऑपरेटरों की आईडी का गलत इस्तेमाल कर रहा था। इन्हीं आईडी के जरिए वह लोगों के नकली आधार कार्ड बनाकर सिस्टम को गुमराह कर रहा था।
डमी फिंगरप्रिंट और नकली रेटिना से धोखा
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को चौंकाने वाले सबूत मिले। आरोपी रबर से बने नकली फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करता था। इतना ही नहीं, आंखों की रेटिना की प्रिंटेड तस्वीरों को स्कैनर के सामने रखकर बायोमेट्रिक सिस्टम को भी धोखा दिया जा रहा था। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी खुद ही किए जाते थे।
भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
पुलिस ने मौके से लैपटॉप, प्रिंटर, आईरिस स्कैनर, फिंगरप्रिंट डिवाइस, कैमरा, जीपीएस सिस्टम और मोबाइल फोन सहित कई उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा नकली फिंगरप्रिंट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है।
साइबर अपराध और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह तैयार किए गए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल सिम कार्ड लेने, बैंक खाते खोलने और अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता था। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को भी गंभीर खतरा हो सकता था।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस उसके मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार कहीं बड़े या अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े तो नहीं हैं।
Saloni Kushwaha 
