मंत्री मदन दिलावर का औचक दौरा, स्कूल में सराहना और गांव की सफाई पर सख्ती
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने श्रीगंगानगर में सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। छात्रा के जवाब से प्रभावित हुए, वहीं गांव में गंदगी और जलभराव देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई।
राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री Madan Dilawar गुरुवार को श्रीगंगानगर दौरे के दौरान एक्शन मोड में नजर आए। बिना पूर्व सूचना के उन्होंने सादुलपुर ब्लॉक के मम्मड खेड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जिससे स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कक्षा में पहुंचकर परखी पढ़ाई
मंत्री सीधे कक्षा 7 में पहुंचे और छात्रों से सवाल-जवाब किए। एक छात्रा से जब उन्होंने भारत के संविधान निर्माता के बारे में पूछा, तो छात्रा ने न सिर्फ सही जवाब दिया बल्कि विस्तार से जानकारी भी दी। छात्रा का आत्मविश्वास देखकर मंत्री काफी प्रभावित हुए और पूरी कक्षा के सामने उसकी तारीफ की।
गांव की हालत देख नाराजगी
स्कूल के भीतर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने के बाद जब मंत्री बाहर निकले, तो गांव की गलियों में जलभराव और गंदगी देखकर नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब तलब किया और पूछा कि अब तक सोख्ता पिट जैसी मूलभूत व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद और शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने जल निकासी और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंत्री का सख्त रुख और छात्रा की सराहना दोनों ही चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Saloni Kushwaha 
