गुरुग्राम में अतिक्रमण पर चला ‘मेगा एक्शन’, 5 दिन में 6000 से ज्यादा कब्जे हटे

Gurugram के न्यू गुरुग्राम में प्रशासन का बड़ा एक्शन, 5 दिन के अभियान में 6000 से ज्यादा मकानों के बाहर अवैध कब्जे हटाए गए। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त किया गया।

गुरुग्राम में अतिक्रमण पर चला ‘मेगा एक्शन’, 5 दिन में 6000 से ज्यादा कब्जे हटे
मकान ढाहने की जेसीबी से कार्रवाई

गुरुग्राम के न्यू गुरुग्राम इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (इन्फोर्समेंट) विभाग ने लगातार पांच दिनों तक अभियान चलाकर 6,000 से अधिक मकानों के बाहर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस बड़े ऑपरेशन को शहर के इतिहास की अभूतपूर्व कार्रवाई माना जा रहा है।

अभियान के दौरान सड़कों के किनारे, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए अवैध ढांचे हटाए गए। इनमें बढ़ाई गई बाउंड्री वॉल, अवैध गेट, गार्ड रूम, रैंप और अस्थायी निर्माण शामिल थे। कार्रवाई के बाद कई इलाकों में वर्षों से संकरी हो चुकी सड़कें अब पहले से चौड़ी और सुगम नजर आने लगी हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिली है।

यह अभियान डीएलएफ फेज-1 और 2, साउथ सिटी, सुशांत लोक, सनसिटी, ग्रीनवुड सिटी, निर्वाणा कंट्री, मालिबू टाउन और पालम विहार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। संयुक्त रूप से टाउन प्लानिंग और इन्फोर्समेंट टीमों की कार्रवाई से अभियान को मजबूती मिली।

स्थानीय लोगों ने इस सख्त कदम की सराहना की है और मांग की है कि इसी तरह की कार्रवाई शहर के अन्य इलाकों में भी की जाए, ताकि अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी नियंत्रण पाया जा सके।