राजस्थान पुलिस ने 25 हजार इनामी गैंगस्टर प्रदीप रावत को गुरुग्राम से दबोचा

कोटपूतली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश प्रदीप रावत (28) को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगेस्टर टास्क फोर्स ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।

राजस्थान पुलिस ने 25 हजार इनामी गैंगस्टर प्रदीप रावत को गुरुग्राम से दबोचा

जयपुर। कोटपूतली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश प्रदीप रावत (28) को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगेस्टर टास्क फोर्स ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। प्रदीप पिछले 9 महीने से फरार चल रहा था और सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर युवाओं में दहशत फैला रहा था।

प्रदीप पर राजस्थान के 15 से ज्यादा थानों में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, फायरिंग समेत 24 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। सबसे ज्यादा 7-7 केस कोटपूतली और जयपुर क्षेत्र में हैं। उसने कोटपूतली और बासदयाल थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटनाओं को भी अंजाम दिया था।

एसपी देवेंद्र बिश्नोई के सख्त निर्देशों के बाद एएसपी नाजिम अली और डीएसपी राजेंद्र बुरड़क की निगरानी में बनी स्पेशल टीम ने तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में दबिश देकर उसे पकड़ा।

पुलिस अब प्रदीप से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन, गैंग के अन्य सदस्यों और इंटर-स्टेट नेटवर्क की जानकारी निकाल रही है। 

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाने वाले अपराधियों पर अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी।