जोधपुर में अवैध ब्लास्ट से एसीपी ऑफिस की छत ढही
जोधपुर के मंडोर इलाके में शनिवार तड़के एक अवैध ब्लास्ट ने पुलिस विभाग को भी हिला दिया। नागौर रोड स्थित नौ मील क्षेत्र में प्लॉट समतल करने के दौरान किए गए विस्फोट से मंडोर एसीपी ऑफिस की छत ढह गई। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त कार्यालय खाली था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।जानकारी के अनुसार, एसीपी कार्यालय के पीछे एक पहाड़ीनुमा खाली प्लॉट को समतल करने का काम चल रहा था। जमीन पथरीली होने के कारण ठेकेदार ने माइनिंग में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों का सहारा लिया, लेकिन इसके लिए न तो कोई अनुमति ली गई और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।विस्फोट इतना जोरदार था कि बड़े-बड़े पत्थर हवा में उछलकर सीधे एसीपी ऑफिस की छत पर आ गिरे। भारी पत्थरों के गिरते ही छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया, जबकि बाकी हिस्से में भी गहरी दरारें पड़ गईं। धमाके के बाद मौके पर काम कर रहे मजदूर घबराकर भाग निकले।घटना का खुलासा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब कार्यालय के रीडर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को दस्तयाब किया है।हादसे के बाद एसीपी कार्यालय की स्थिति बेहद खराब हो गई है। छत का एक हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है और बाकी हिस्से में दरारें होने के कारण अंदर काम करना जोखिम भरा हो गया है। फिलहाल स्टाफ को बाहर खुले में बैठकर काम करना पड़ रहा है।अब सवाल यह है कि शहर के बीचों-बीच बिना अनुमति इतने खतरनाक विस्फोट कैसे हो रहे हैं, और जिम्मेदारों पर कितनी सख्त कार्रवाई होगी।
Saloni Kushwaha 
