भरत तिवारी एनकाउंटर पर बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान, बोले- ‘सरेंडर के बाद गोली चली तो जांच जरूरी’

बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी अपराधी था तो उसे न्यायपालिका से सजा मिलनी चाहिए थी। वहीं परिजनों ने एनकाउंटर को हत्या बताया है।

भरत तिवारी एनकाउंटर पर बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान, बोले- ‘सरेंडर के बाद गोली चली तो जांच जरूरी’

बिहार के भोजपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने नया राजनीतिक और सामाजिक मोड़ ले लिया है। अब इस मामले पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था और उसके बाद भी उस पर गोली चलाई गई, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि भरत तिवारी हिंदुत्व और सनातन के लिए काम करने वाला युवक था। यदि वह किसी अपराध में शामिल था, तो उसे न्यायपालिका के माध्यम से दंड मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वह बिहार के मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने की मांग करेंगे।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर में भरत तिवारी का पुलिस एनकाउंटर हुआ था। परिजनों का आरोप है कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। परिवार का कहना है कि भरत ने पुलिस के सामने हथियार डालकर सरेंडर कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसे गोली मार दी गई।

भरत तिवारी की मां ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

गांव में महापंचायत, जुटे हजारों लोग

एनकाउंटर को लेकर भरत तिवारी के गांव में महापंचायत आयोजित की जा रही है। इसमें परिजनों के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी शामिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की न्यायिक जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

राजद सांसद सुधाकर सिंह के गंभीर आरोप

इस बीच सुधाकर सिंह ने भी मामले में कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनकाउंटर के लिए पटना से एसटीएफ टीम भेजी गई थी। सांसद ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि एसटीएफ को भोजपुर किसके निर्देश पर भेजा गया था। उन्होंने सीधे एडीजी कुंदन कृष्णा से जवाब मांगा और कहा कि यदि एनकाउंटर फर्जी साबित होता है, तो पूरे मामले की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। सांसद ने आरोप लगाया कि अब मामले में कानूनी दांवपेंच खेलकर सच्चाई को दबाने की कोशिश की जा रही है।

देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।