होमगार्ड कम्पनी कमांडर चन्द्रशेखर शर्मा 4,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (S.I.U.) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड पुलिस लाइन, जयपुर में पदस्थ कम्पनी कमांडर चन्द्रशेखर शर्मा को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (S.I.U.) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड पुलिस लाइन, जयपुर में पदस्थ कम्पनी कमांडर चन्द्रशेखर शर्मा को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी, जो स्वयं एक होमगार्ड हैं, ने शिकायत दी थी कि आरोपी कम्पनी कमांडर ड्यूटी लगाने के बदले ₹5,000 की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी को ₹4,000 की रिश्वत राशि स्वीकार करते समय रंगे हाथों पकड़ा गया।
यह कार्रवाई जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक अनिल क़याल की सुपरविजन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (S.I.U.) संदीप सारस्वत के नेतृत्व में पुलिस उप अधीक्षक सुरेन्द्र पंचोली एवं टीम द्वारा की गई।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ACB) स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

