सचिन पायलट के बंगले के पास घुसा तेंदुआ, VVIP इलाके सिविल लाइंस में हड़कंप, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सबसे हाई-सिक्योरिटी और VVIP इलाके सिविल लाइंस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कांग्रेस नेता सचिन पायलट के सरकारी बंगला नंबर-11 के ठीक पास एक तेंदुआ (लेपर्ड) देखा गया। इस इलाके में राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी बंगले हैं।

सचिन पायलट के बंगले के पास घुसा तेंदुआ, VVIP इलाके सिविल लाइंस में हड़कंप, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सबसे हाई-सिक्योरिटी और VVIP इलाके सिविल लाइंस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कांग्रेस नेता सचिन पायलट के सरकारी बंगला नंबर-11 के ठीक पास एक तेंदुआ (लेपर्ड) देखा गया। इस इलाके में राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी बंगले हैं।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। फिलहाल कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत के बंगले और आसपास के परिसर में तलाशी अभियान जारी है।

पगमार्क से मिले सबूत, ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने की तैयारी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए के पगमार्क मिलने से इसकी मौजूदगी की पुष्टि हो गई है। पूरे इलाके को घेराबंदी कर टीम पगमार्क के आधार पर सर्च कर रही है। तेंदुए को ट्रैंकुलाइज (बेहोश करने वाली दवा) देकर सुरक्षित पकड़ने की कोशिश की जा रही है। अभी तक तेंदुआ किसी सुरक्षित जगह पर छुपा हुआ माना जा रहा है।

जयपुर में लगातार आबादी क्षेत्र में घुस रहे तेंदुए

पिछले कुछ महीनों में जयपुर शहर के कई इलाकों जैसे दुर्गापुरा, गोपालपुरा, जयसिंहपुरा, जगतपुरा, खो-नागोरियान, विद्याधर नगर आदि में बार-बार तेंदुए देखे जा चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नाहरगढ़ और जंगलपुरा जैसी आसपास की पहाड़ियों में शिकार (भोजन) की कमी के कारण तेंदुए शहर की ओर रुख कर रहे हैं।

सिविल लाइंस जैसे अति-सुरक्षित क्षेत्र में तेंदुए का पहुंचना वन विभाग और पुलिस प्रशासन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और जल्द ही तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।