बिहार शपथ ग्रहण समारोह, राजस्थान CM भजनलाल शर्मा सहित कई नेता पटना रवाना
बिहार में आज एनडीए सरकार के गठन और नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार सुबह विशेष विमान से पटना रवाना हो गए।
जयपुर। बिहार में आज एनडीए सरकार के गठन और नीतीश कुमार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार सुबह विशेष विमान से पटना रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और वरिष्ठ विधायक कुलदीप धनकड़ भी जयपुर एयरपोर्ट से सुबह करीब 8:30 बजे पटना के लिए रवाना हुए।
नीतीश कुमार आज 10वीं बार बनेंगे बिहार CM
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद एनडीए ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। 19 नवंबर को हुई एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना गया। आज 20 नवंबर 2025 को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है।
नीतीश कुमार के साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दूसरे उपमुख्यमंत्री के नाम पर अभी सहमति बननी बाकी है। एनडीए गठबंधन में जेडीयू, बीजेपी, चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए की एकजुटता का संदेश
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। राजस्थान से मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों का एक साथ जाना इसे और खास बना रहा है। यह समारोह न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश में एनडीए की मजबूती और एकजुटता का मजबूत संदेश देगा।

