रानी स्टेशन पर कार मालिक पर हमला,सिर फूटा
Pali district के Rani Railway Station पर 50 रुपये की पार्किंग फीस को लेकर विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। मारपीट में कार मालिक घायल, पुलिस जांच में जुटी।
पाली जिले के रानी रेलवे स्टेशन पर देर रात मामूली 50 रुपए के पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। मारपीट में एक कार मालिक घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। घटना बुधवार रात करीब 10:45 बजे की है।जानकारी के अनुसार, नाडोल निवासी भरत सिरवी अपने भाई, बहन और भांजी को मुंबई जाने के लिए स्टेशन छोड़ने आए थे। इसी दौरान पार्किंग कर्मचारी ने उनसे पहले शुल्क जमा करने और बाद में सामान उतारने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान कार मालिक ने गुस्से में आकर पार्किंग कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया। पार्किंग कर्मचारी के साथी और आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और कार मालिक के साथ मारपीट शुरू कर दी।भरत सिरवी का आरोप है कि वह पहले परिवार को उतारना चाहते थे, लेकिन कर्मचारी ने बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच एक टैक्सी चालक ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई।देखते ही देखते मौके पर और लोग जुट गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।हेड कांस्टेबल प्रकाश कुमार ने बताया कि घायल को तुरंत रानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।टैक्सी यूनियन के एक सदस्य ने बताया कि विवाद सिर्फ 50 रुपए की पार्किंग फीस को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में झगड़े में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Saloni Kushwaha 
