पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच हिंसा, बीजेपी उम्मीदवारों पर हमले से बढ़ा तनाव
West Bengal में चुनाव के दौरान हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आईं। Agnimitra Paul की कार पर पथराव, Suvendu Adhikari पर हमले का आरोप, कई जगह EVM खराबी की शिकायतें दर्ज।
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच कई इलाकों से हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आई हैं। दक्षिण मिदनापुर में कुमारगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह हमले से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मी भी उन्हें बचाने की कोशिश करते दिखे।
इसी तरह आसनसोल के बर्नपुर इलाके में भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर पथराव किया गया। इस हमले में वाहन का पिछला शीशा टूट गया। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र से निकलते समय उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कई जगहों पर झड़प और EVM की शिकायतें
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा और Trinamool Congress (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की खबरें भी सामने आई हैं। कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी दर्ज की गई हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई।
वोटिंग प्रतिशत रहा ऊंचा
चुनाव के पहले चरण में पश्चिम बंगाल की 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक बंगाल में करीब 78% और तमिलनाडु में लगभग 70% मतदान दर्ज किया गया।
मुर्शिदाबाद में बमबाजी के बाद विरोध प्रदर्शन
मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में मतदान से पहले देर रात देसी बम फेंके जाने की घटना सामने आई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के नेता हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे, जहां उनका विरोध हुआ और टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प भी हुई।
स्थिति के विरोध में हुमायूं कबीर धरने पर बैठ गए और आरोप लगाया कि पुलिस पक्षपात कर रही है। वहीं पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
Saloni Kushwaha 
