राजस्थान में नया बिजली टैरिफ लागू, EV चार्जिंग पर फिक्स चार्ज खत्म, रेट जस के तस

राजस्थान में 1 अप्रैल से नया बिजली टैरिफ लागू। घरेलू रेट में कोई बदलाव नहीं, लेकिन सरचार्ज जारी रहेगा। EV चार्जिंग स्टेशनों पर फिक्स चार्ज खत्म कर बड़ी राहत दी गई।

राजस्थान में नया बिजली टैरिफ लागू, EV चार्जिंग पर फिक्स चार्ज खत्म, रेट जस के तस

जयपुर : राजस्थान इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (RERC) ने राज्य की तीनों बिजली कंपनियों जयपुर, अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम के लिए साल 2026-27 का टैरिफ जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के बेसिक बिजली रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन सरचार्ज और अन्य चार्जेज लागू रहेंगे। इसके साथ ही सबसे बड़ा फैसला ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर फिक्स चार्ज खत्म करने का है, जिससे चार्जिंग लागत कम होगी।

नया टैरिफ 1 अप्रैल से लागू हो चुका है। इसमें सरचार्ज जारी रखने के साथ ही सोलर और इंडस्ट्री से जुड़े प्रावधानों में भी बदलाव किए गए हैं, जिससे अलग-अलग कैटेगरी के उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ेगा।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए क्या बदला

घरेलू श्रेणी में पहले 50 यूनिट तक 4.75 रुपए प्रति यूनिट, 50 से 150 यूनिट तक 6 रुपए और 150 से 500 यूनिट तक 7 रुपए प्रति यूनिट की दर जारी रहेगी। 500 यूनिट से ऊपर खपत पर 7.50 रुपए प्रति यूनिट देने होंगे।

फिक्स्ड चार्ज भी पहले की तरह ही रखे गए हैं, यानी उपभोक्ताओं पर सीधे रेट बढ़ोतरी का असर नहीं है। बिजली कंपनियों के पुराने घाटे की वसूली के लिए रेगुलेटरी सरचार्ज जारी रहेगा। यानी उपभोक्ताओं को यह अतिरिक्त चार्ज पहले की तरह देना होगा।

सरचार्ज बढ़े, अलग-अलग कैटेगरी पर लागू

आयोग ने कुछ सरचार्ज तय किए हैं, जो बिल में अलग से जुड़ेंगे। ओपन एक्सेस उपभोक्ताओं पर क्रॉस सब्सिडी सरचार्ज 1.48 रुपए प्रति यूनिट रहेगा। इसके अलावा 0.50 रुपए प्रति यूनिट का एडिशनल सरचार्ज भी लागू होगा।

रेगुलेटरी सरचार्ज के तहत 100 यूनिट तक खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर 0.70 रुपए प्रति यूनिट और बाकी उपभोक्ताओं पर 1 रुपए प्रति यूनिट का अतिरिक्त चार्ज लगेगा। ग्रीन एनर्जी लेने पर सामान्य दर के ऊपर 0.05 रुपए प्रति यूनिट अतिरिक्त देना होगा।

EV चार्जिंग पर अब नहीं लगेगा फिक्स चार्ज

इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए पहली बार EV चार्जिंग स्टेशनों पर फिक्स चार्ज समाप्त कर दिया गया है। अब तक इन कनेक्शनों पर 150 रुपए प्रति KVA तक फिक्स चार्ज लिया जाता था, जो अब नहीं लगेगा। इससे चार्जिंग स्टेशनों का खर्च कम होगा और इसका फायदा सीधे EV यूजर्स को मिलेगा। इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के लिए 6 रुपए प्रति यूनिट दर रखी गई है और इसमें फिक्स्ड चार्ज नहीं लगेगा, जिससे EV इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलेगा।

सोलर को मिलेगा बढ़ावा

वहीं, रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के लिए नेट बिलिंग व्यवस्था को जारी रखा गया है, जिससे सोलर उपभोक्ताओं को राहत मिलती रहेगी।