पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर मदन राठौड़ का निशाना, कहा- कांग्रेस ने की थी लोकतंत्र की हत्या, देश ने देखे थे परिणाम

राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा. कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय था, जिसे देश आज भी नहीं भूला है।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर मदन राठौड़ का निशाना, कहा- कांग्रेस ने की थी लोकतंत्र की हत्या, देश ने देखे थे परिणाम

भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके वरिष्ठ नेता से इस तरह की टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल या सामाजिक संगठन पर प्रतिबंध लगाने की बात करना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।


आपातकाल का जिक्र, कांग्रेस पर निशाना
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए वर्ष 1975 के आपातकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अदालत ने निरस्त किया था, तब देश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव और अधिकारों के हनन का दौर देखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय था, जिसे देश आज भी नहीं भूला है। लोकतंत्र की बहाली के बाद जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर अपना स्पष्ट संदेश दिया था।


RSS और बीजेपी पर प्रतिबंध की सोच को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि संविधान के दायरे में कार्य कर रहे संगठनों और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों पर प्रतिबंध लगाने की बात करना लोकतांत्रिक सोच के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि कोई वरिष्ठ नेता आज भी ऐसी मानसिकता रखता है, तो यह चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी केवल राजनीतिक चर्चा में बने रहने का प्रयास है। जनता ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती और इससे नेताओं की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है।


राम मंदिर पर टिप्पणी पर जताई नाराजगी
राम मंदिर के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि भारत में भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राम मंदिर का उल्लेख किए जाने पर आपत्ति क्यों जताई जाती है। ये भी बोले कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए और सभी पक्षों को संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।



जनता लोकतंत्र के प्रति सजग

देश की जनता पहले की तुलना में अधिक जागरूक और लोकतंत्र के प्रति सजग है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों पर किसी भी प्रकार का आघात जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से सार्वजनिक मंचों पर संयमित एवं जिम्मेदार बयान देने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए संवाद और सम्मान की संस्कृति आवश्यक है।

देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।