एक और पेपर लीक: परीक्षा से एक दिन पहले लीक हुआ प्रश्नपत्र, 28 जून की परीक्षा रद्द

महाराष्ट्र TET 2026 परीक्षा पेपर लीक की पुष्टि के बाद रद्द कर दी गई। भिवंडी से संदिग्ध प्रश्नपत्र मिलने के बाद SIT जांच शुरू हो गई है। जानिए पूरा मामला।

एक और पेपर लीक: परीक्षा से एक दिन पहले लीक हुआ प्रश्नपत्र, 28 जून की परीक्षा रद्द

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र में 28 जून को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले रद्द करना पड़ा। शुरुआती जांच में प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि के बाद राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा स्थगित कर दी है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

भिवंडी से मिला संदिग्ध प्रश्नपत्र

जानकारी के मुताबिक, लीक हुआ प्रश्नपत्र ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र से बरामद किया गया। मामले की जांच भिवंडी पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सुबह 4 बजे मिली थी गुप्त सूचना

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अनुसार, 27 जून की सुबह करीब 4 बजे पेपर लीक की खुफिया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने भिवंडी के सदर इलाके में छापेमारी की, जहां कुछ लोगों के पास संदिग्ध दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई।

जांच में सही निकले कई सवाल

छापेमारी के दौरान मिले प्रश्नपत्र की जांच के लिए परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया। जांच में पाया गया कि लीक हुए पेपर के कई प्रश्न वास्तविक TET परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।

1028 परीक्षा केंद्रों पर होना था आयोजन

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून 2026 को पूरे राज्य में TET परीक्षा के लिए 1028 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए थे। पिछली परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। बावजूद इसके, परीक्षा से पहले ही पेपर लीक होने की घटना ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित

शिक्षा विभाग ने फिलहाल 28 जून की TET परीक्षा रद्द कर दी है। परिषद का कहना है कि नई परीक्षा तिथि जल्द जारी की जाएगी। वहीं, पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।