Rahul Gandhi Birthday: राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का बड़ा प्लान, 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में मेगा जॉब फेयर आयोजित करने जा रही है। 150 से अधिक कंपनियों की भागीदारी के साथ 5,000 से 10,000 युवाओं को रोजगार के अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है।

Rahul Gandhi Birthday: राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का बड़ा प्लान, 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य
Rahul Gandhi

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन को इस बार कांग्रेस खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक बड़े अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इसी कड़ी में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) अगले सप्ताह एक मेगा जॉब फेयर आयोजित करने की तैयारी में जुटी है, जिसमें हजारों युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के जन्मदिन 19 जून 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह हाल के वर्षों का सबसे बड़ा जॉब फेयर हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले में 150 से अधिक निजी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के जरिए एक ही दिन में 5 हजार से 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां इसमें भाग लेंगी और उम्मीदवारों को मौके पर ही इंटरव्यू देने तथा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

युवा कांग्रेस इस पहल को अपने देशव्यापी अभियान "रोजगार, न्याय और जवाबदेही" का हिस्सा बता रही है। पार्टी का कहना है कि एक तरफ वह बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का प्रयास भी कर रही है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बताया कि जॉब फेयर में निजी क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियां भाग लेंगी। अलग-अलग शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। युवाओं को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू देने का मौका मिलेगा।

उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष दिल्ली और बिहार में आयोजित इसी तरह के रोजगार मेलों के जरिए 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले थे। इस बार कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

कांग्रेस के भीतर इस आयोजन को सिर्फ रोजगार कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों का मुद्दा आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में रहेगा। ऐसे में राहुल गांधी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।