खाटूश्यामजी में रंगदारी की बड़ी वारदात, मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे से 3 करोड़ की मांग
खाटूश्यामजी में रंगदारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह चौहान से 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
सीकर जिले के खाटूश्यामजी में रंगदारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह चौहान से 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आरोप है कि मानवेंद्र को विदेशी नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई।
मानवेंद्र सिंह चौहान ने खाटूश्यामजी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 4 जनवरी को उसके मोबाइल पर विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम हरि बॉक्सर बताते हुए खुद को लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताया। फोन करने वाले ने 3 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने को कहा और रकम नहीं देने पर गोलियों और ग्रेनेड बम से जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, कॉलर ने कहा कि वह घर आकर हमला करेगा और मरवा देगा, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में आ गया। घटना के बाद मानवेंद्र सिंह चौहान ने तुरंत खाटूश्यामजी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मानवेंद्र की रिपोर्ट के आधार पर संगठित अपराध समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब विदेशी नंबरों, कॉल डिटेल्स और कथित गैंग कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।

