खाटूश्यामजी के दर्शन कर आगरा लौट रहे चार दोस्तों की राह में काल बना टायर, रायसर के पास खाई में गिरी कार, मौके पर चार की मौत
दौसा-मनोहरपुर NH-148 पर रायसर के पास टायर फटने से कार खाई में गिरी, खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे आगरा के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 2 गंभीर घायल।
राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे-148 पर शुक्रवार सुबह रायसर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। टायर फटने से बेकाबू हुई कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दर्शन कर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करके आगरा लौट रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे रायसर थाना क्षेत्र में दौसा-मनोहरपुर एनएच-148 पर कार का टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतकों की पहचान
रायसर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि हादसा टायर फटने से हुआ। आगरा के रहने वाले अतुल, मुकुल, रुपेश और शिवा की मौके पर ही मौत हो गई। राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें कार से निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईवे पर करीब एक घंटे जाम
हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं और चालकों को खासी परेशानी हुई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने यातायात संभाला और क्रेन की मदद से कार को हटवाया।
एक्सप्रेसवे पर भी पलटा टेंपो
उधर, दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक और हादसा हुआ। दिल्ली से कोटा जा रहा लोडिंग टेंपो एक्सप्रेसवे से उतरकर खाई में पलट गया, जिसमें पांच लोग घायल हुए। सभी घायल कोटा के रहने वाले हैं और मेलों में झूले लगाने का काम करते हैं। नूरजहां, ज्याकत अली, कुणाल, अजय और चालक विजयपाल का दौसा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।

