बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर खाचरियावास का हमला, बोले चुनाव तक ही कीमती हैं हिंदुओं की जान?
राजस्थान के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है और भाजपा हमेशा हिंदू–मुस्लिम राजनीति के सहारे सत्ता में आई है।
राजस्थान के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है और भाजपा हमेशा हिंदू–मुस्लिम राजनीति के सहारे सत्ता में आई है, लेकिन सत्ता में आने के बाद सबसे ज्यादा उपेक्षा, असुरक्षा और बर्बरता हिंदुओं के साथ ही देखने को मिल रही है।
‘हिंदू खतरे में है’ के नारे पर सत्ता, फिर उपेक्षा
खाचरियावास ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा “हिंदू खतरे में है” का नारा देकर सरकार बना लेती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हीं हिंदुओं को उनके हाल पर छोड़ देना ही भाजपा की असली नीति और असली चरित्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ रोज़ बर्बरता हो रही है, उनकी खुलेआम हत्या की जा रही है, घर, मंदिर और व्यापार नष्ट किए जा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस पर सिर्फ बयानबाज़ी कर रही है।
‘नाकामी छिपाने के लिए देश में फैलाई जा रही नफरत’
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की बिगड़ती स्थिति से ध्यान हटाने के लिए भाजपा देश के भीतर फिर से हिंदू–मुस्लिम का ज़हर फैलाने की कोशिश कर रही है। इसका मकसद हिंदू संगठनों को गुमराह करना और सरकार की अंतरराष्ट्रीय नाकामी पर सवाल उठने से रोकना है।
खाचरियावास ने सवाल उठाया कि जो पार्टी देश के अंदर हिंदू–मुस्लिम का माहौल बना सकती है, वह बांग्लादेश में हिंदुओं की रक्षा क्यों नहीं कर पा रही। क्या हिंदुओं की जान सिर्फ़ चुनाव तक ही कीमती होती है?
‘नारे नहीं, सुरक्षा चाहिए’
प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि अगर भाजपा में ज़रा भी नैतिकता बची है, तो उसे तुरंत बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कूटनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अब हिंदू समाज को नारे नहीं, सुरक्षा चाहिए, भाषण नहीं, जमीन पर कार्रवाई चाहिए। भाजपा को यह साबित करना होगा कि वह सिर्फ़ राजनीति नहीं, बल्कि सच में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

