बीकानेर पीबीएम अस्पताल: सिजेरियन के बाद किडनी फेल, 26 वर्षीय शारदा की मौत

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद किडनी प्रभावित होने के मामले में दूसरी प्रसूता की मौत हो गई। मामले की जांच के लिए गठित समितियां दवाओं और चिकित्सा प्रक्रियाओं की गहन जांच कर रही हैं।

बीकानेर पीबीएम अस्पताल: सिजेरियन के बाद किडनी फेल, 26 वर्षीय शारदा की मौत

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। 26 वर्षीय शारदा ने करीब 20 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया। शारदा की मौत के साथ ही इस पूरे प्रकरण में जान गंवाने वाली प्रसूताओं की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

इससे पहले 20 वर्षीय प्रीति की भी इसी तरह के लक्षणों के बाद उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक-एक कर कुल छह महिलाओं की किडनी प्रभावित हुई थी। इनमें तारा देवी और राहिला की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य महिलाओं का इलाज अभी भी जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित की गई हैं। जांच टीमों द्वारा डिलीवरी के दौरान उपयोग में ली गई दवाओं, विशेष रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन, तथा अन्य चिकित्सा उपकरणों की गहन पड़ताल की जा रही है।

दो प्रसूताओं की मौत और कई महिलाओं की किडनी प्रभावित होने की घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सके।