यूपी में मायावती करेंगी कमबैक, दो जिलों पर ग्राउंड पर होगा टेस्ट, अयोध्या और अकबरपुर में शक्ति प्रदर्शन
बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है।
उत्तर प्रदेश में 2027 में चुनाव है और सभी दलों ने अपनी-अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के लिए बड़े जनसंपर्क अभियानों की शुरुआत करने जा रही है। इसी रणनीति के तहत बसपा 22 और 23 जून को अयोध्या और अकबरपुर में दो बड़ी जनसभाओं का आयोजन करेगी। इन दोनों कार्यक्रमों को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल संबोधित करेंगे।
जून से चुनावी तैयारियों की शुरुआत
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने पहले ही जून महीने से चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज करने की योजना बनाई थी। इसी कड़ी में इन दोनों जनसभाओं को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। BSP का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए बड़े कार्यक्रमों की आवश्यकता है। यही वजह है कि पार्टी ने अयोध्या और अकबरपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को इस अभियान की शुरुआत के लिए चुना है।

वरिष्ठ नेताओं को खास जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक दोनों जनसभाओं में BSP के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी ने प्रभारी नियुक्त किए हैं, उन्हें भी मंच पर प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इनमें से कई नेताओं को आगामी चुनाव में संभावित प्रत्याशी के रूप में भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

बसपा नेतृत्व का उद्देश्य इन जनसभाओं के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी संदेश देना और संभावित उम्मीदवारों को जनता के बीच पहचान दिलाना है।

दूसरे दलों के नेताओं को साधने की तैयारी
तो सूत्रों का कहना है कि BSP इन कार्यक्रमों के दौरान राजनीतिक विस्तार की रणनीति पर भी काम कर रही है। पार्टी अन्य दलों के कुछ नेताओं को अपने साथ जोड़ने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि हाल ही में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए एक पूर्व सांसद को भी बसपा में लाने की कोशिशें जारी हैं। अगर ऐसा होता है तो जनसभाओं के दौरान कुछ बड़े राजनीतिक चेहरे पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।

