जयपुर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके से मारपीट के 5 आरोपियों को जमानत, थाने से बाहर आते ही हुआ स्वागत
जयपुर में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ मारपीट मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई। सभी आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा किया गया है।
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ मारपीट मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को मंगलवार को जमानत मिल गई। एडवोकेट बसंत पारीक के अनुसार, पुलिस ने सभी आरोपियों को शांतिभंग की आशंका में हिरासत में लिया था। अदालत ने उन्हें 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत देते हुए छह-छह महीने तक पाबंद रहने के आदेश दिए हैं।
यह घटना सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुई थी, जहां अभिजीत दीपके के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। आरोपियों में शामिल निकेत नामक युवक के बारे में बताया गया है कि वह स्वयं CJP का कार्यकर्ता है।
जमानत मिलने के बाद विधायपुरी थाने से बाहर निकले आरोपियों का उनके समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई।
रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा और कुलदीप सिंह शेखावत आपस में मित्र हैं और प्रदर्शन देखने पहुंचे थे। उनके अनुसार विचारधारा को लेकर विवाद बढ़ने पर झगड़ा हुआ। वहीं जोधपुर से आया निकेत भी इस घटना में शामिल था।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों में दो युवक MBA की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि तीन बेरोजगार हैं। कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं।
इधर, अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि उन पर हुए हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों का हाथ है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि इस मामले में RSS की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

